यमन में एक ड्रोन विमान के गिरने के समाचार हैं।
यमन की वतन समाचार एजेन्सी के अनुसार शनिवार को यमन में एक ड्रोन विमान गिरा है जिसके बारे में अभी यह ज्ञात नहीं हो सका है कि यह अमरीका का है या सऊदी अरब का। रिपोर्ट के अनुसार यह ड्रोन यमन के सअदा प्रांत में शनिवार को विमानभेदी तोप के आक्रमण का लक्ष्य बनकर गिर गया। दूसरी ओर यमन पर सऊदी अरब के युद्धक विमानों के आक्रमण अब भी जारी हैं। सऊदी युद्धक विमानों ने शनिवार को उत्तरी यमन के साअदा प्रांत के अलएमार क्षेत्र पर बमबारी की। इस बमबारी में एक सैनिक मारा गया जबकि पांच घायल हो गए। सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने इसी प्रकार शनिवार की सुबह यमन की राजधानी सनआ के केन्द्र में स्थित सबईन स्कवाएर पर बमबारी की। यमन के ही हिज्जा प्रांत में सऊदी युद्धक विमानों की बमबारी में 6 लोग घायल हो गए। ज्ञात रहे कि सऊदी अरब की ओर से युद्ध विराम की घोषणा किये जाने के बावजूद यमन पर उसके आक्रमण निरंतर जारी हैं।